स्कूल की सरकारी जमीन पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अवैध निर्माण जमींदोज.

 लहरपुर,सीतापुर(संवाददाता)।विकास खंड परसेंडी क्षेत्र की ग्राम पंचायत अंगरासी में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। रविवार को तहसीलदार मनीष त्रिपाठी के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस टीम ने जूनियर हाईस्कूल की जमीन पर बने अवैध पक्के निर्माणों को तीन बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त कर दिया।

राजस्व अभिलेखों के मुताबिक, गाटा संख्या-866 (रकबा 0.405 हेक्टेयर) भूमि स्कूल के नाम दर्ज है। इस पर गांव के हासिम अली, मोहम्मद इसरार और कलाम ने अनाधिकृत रूप से पक्के मकान खड़े कर रखे थे। तहसीलदार न्यायालय द्वारा बेदखली व ध्वस्तीकरण का आदेश जारी होने के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की। अचानक गरजी जेसीबी मशीनों से कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया और कुछ ही घंटों में स्कूल की भूमि पूरी तरह खाली करा ली गई। तहसीलदार ने चेतावनी दी कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध आगे भी ऐसी ही कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। मौके पर नायब तहसीलदार सूरज भारती सहित कई राजस्व निरीक्षक व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ